राजस्थान कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव किया पारित

राजस्थान कांग्रेस (Rajasthan Congress) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को पार्टी अध्यक्ष (Congress President) बनाए जाने का एक प्रस्ताव पारित किया है। राजस्थान कांग्रेस ने पार्टी आलाकमान को पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्यों को नियुक्त करने के लिए भी अधिकृत किया है। राजस्थान ऐसा करने वाला पहला राज्य बन गया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) की ओर से पार्टी की एक बैठक में यह प्रस्ताव पेश किया गया। यह प्रस्ताव तब आया है जब ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के आला नेताओं की पसंद हो सकते हैं। हालांकि अशोक गहलोत कथित तौर पर बड़ी जिम्मेदारी लेने या जयपुर से बाहर जाने के इच्छुक नहीं हैं।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों की बैठक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई। संगठन चुनाव के लिए नियुक्त प्रदेश चुनाव अधिकारी राजेन्द्र सिंह कुम्पावत ने यह बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रस्ताव पेश किया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष तथा राजस्थान से एआईसीसी डेलिगेट्स का चयन कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा किया जाए।

गहलोत द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव का प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने समर्थन किया तथा कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रघुवीर मीणा ने अनुमोदन किया। यह प्रस्ताव राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित सभी 400 डेलिगेट्स द्वारा सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में प्रस्तुत करने के लिए प्रदेश चुनाव अधिकारी राजेन्द्र सिंह कुम्पावत को सौंपा गया।

LIVE TV