राजनाथ को यूपी के मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव

राजनाथ सिंहइलाहाबाद| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनने का प्रस्ताव दिया है। जानकार सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि मोदी और शाह ने संसद के पिछले बजट सत्र के दौरान यह औपचारिक प्रस्ताव दिया था। ऐसा नहीं लगा कि राजनाथ सिंह इस प्रस्ताव से बहुत आकृष्ट हुए। उन्होंने इस प्रस्ताव पर आधिकारिक तौर पर पार्टी नेतृत्व को जवाब नहीं दिया है। इस बीच सूत्रों ने ताजा अटकलों के बीच कहा कि राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश में संभवत: भाजपा के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। उत्तर प्रदेश में अगले ही साल विधानसभा चुनाव होने हैं।

राजनाथ सिंह रह चुके हैं मुख्यमंत्री 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के करीबी एक भाजपा नेता ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया, “राजनाथ सिंह को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करने की खबरें सही नहीं हैं। वास्तव में अभी तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया गया है।” पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के पदाधिकारी उस भाजपा नेता ने कहा, “लेकिन यह सही है कि एक माह पहले राजनाथ सिंह को पार्टी के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनने का प्रस्ताव दिया गया था।” भाजपा नेतृत्व को लगता है कि राज्य में राजनाथ सिंह अब भी पार्टी के एकमात्र विश्वसनीय चेहरा हैं और वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मायावती और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मुलायम सिंह यादव से चुनाव में लड़ सकते हैं। राजनाथ वर्ष 2000 से 2002 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

राजनाथ सिंह के करीबियों का कहना है कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं क्योंकि उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में अधिक रुचि है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने से जुड़ी खबरों को राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को ‘काल्पनिक’ करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा जिसे भी इस पद के लिए चुनेगी उसका वह पूरी तरह साथ देंगे। राजनाथ सिंह के एक करीबी ने कहा कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार पेश करने के बावजूद पिछले तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बहुत खराब प्रदर्शन किया था। पार्टी वर्ष 2002 राजनाथ सिंह को, वर्ष 2007 में कल्याण सिंह को और वर्ष 2012 में उमा भारती को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश कर चुकी है। भाजपा नेतृत्व रविवार और सोमवार को यहां राजनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में पार्टी को सत्ता में लाने के लिए रणनीति पर मंथन करेगी।

LIVE TV