योगी सरकार के मंत्री के बिगड़े बोल, कहा- लूले लंगड़ों को नौकरी पर क्यों रखा

योगी के मंत्रीलखनऊ। योगी सरकार को सत्ता में आए एक महीना पूरा हो गया है। सीएम योगी के मंत्री पीएम मोदी के नक्शेकदम पर कितना भी जोर दे रहे हों लेकिन ऐसा दिख तो कतई नहीं रहा। पीएम मोदी एक तरफ दिव्यांगजन जनसशक्तीकरण पर जोर दे रहे हैं तो दूसरी तरफ योगी के मंत्री सत्यदेव पचौरी दिव्यांगों से ढ़ंग से बात करना तो दूर उन्हें लंगडा लूला कह कर दुत्कार रहे हैं।

मामला बुधवार का है जब खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने एक दिव्यांग कर्मचारी को बेइज्जत किया। पचौरी दफ्तर के निरीक्षण पर निकले थे। सुबह सभी कार्यालय में प्रवेश कर रहे थे। इनमें एक दिव्यांग सफाई कर्मचारी भी शामिल था। योगी के मंत्री की नजर जैसे ही उस पर पड़ी तो पारा हाई हो गया।

सत्यदेव पचौरी ने दिव्यांग सफाई कर्मचारी के सामने ही बोर्ड के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर से कहा- लूले लंगड़े लोगों को संविदा पर रखा है। ये क्या सफाई करेगा? तभी यह सफाई का ये हाल है।

पचौरी ने कर्माचारी से पूछा तुम क्या हो? इस पर उन्हें जवाब मिला मैं सफाई कर्मचारी हूं। पचौरी ने आगे पूछा कि क्या संविदा पर हो, जवाब हां में मिला। इस पर बोर्ड के सीईओ से अखिलेश कुमार मिश्र से पचौरी ने कहा ये कोई भी हो, भर्ती कैसे कर लिया? यह क्या काम करेगा? सफाई का तभी यह हाल है। इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि अगर शाम तक सफाई नहीं हुई तो सिर पर कूड़ा उठवाउंगा।

 

LIVE TV