योगी की नसीहत, बैठक में सीएम के बाद पहुंचे तो रोके जाएंगे मंत्री

योगीलखनऊ| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों को नकारात्मक सोच बदलकर सकारात्मक भूमिका में आने की नसीहत दी है। कहा कि उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएं और यह बताएं कि नई सरकार में कितना बड़ा परिवर्तन हुआ है। समय प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया। यह तय हुआ कि किसी बैठक में मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद मंत्री जाएंगे तो प्रतिबंधित होंगे। इसी तरह मंत्री के पहुंचने के बाद अगर अफसर पहुंचेंगे तो उन्हें रोक दिया जाएगा।

रविवार की शाम मुख्यमंत्री भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। विधायकों की लेटलतीफी से खफा योगी ने कहा कि मैं बैठक के लिए लोकभवन में चार बजे आ गया, लेकिन तब तक सिर्फ सवा सौ विधायक ही आए थे। यह प्रवृत्ति बदलनी होगी। यह हिदायत दी कि सोमवार को विधानमंडल का सत्र 11 बजे से शुरू हो रहा है। पौने 11 बजे ही जनप्रतिनिधि पहुंच जाएं। योगी ने जनप्रतिनिधियों की नकारात्मक सोच पर तंज किया। बोले, एक मंडल की समीक्षा बैठक में गया था।

एक जनप्रतिनिधि से पूछा कि अब तो सुधार हो रहा है। बोले, कुछ भी सुधार नहीं हुआ है। हमने कहा कि बिजली कितनी आती है तो बोले कि 20 घंटे। फिर पूछा कि पहले कितनी आती थी तो बोले कि चार घंटे। हमने उन्हें कहा कि इसमें आपको अंतर नजर नहीं आ रहा है तो चुप साध गए। योगी ने इस प्रवृत्ति में बदलाव लाने और सरकार की उपलब्धियां जनता को बताने पर जोर दिया।

LIVE TV