मुंबई में अगले 24 घंटे होगी मूसलाधार बारिश, सीएम फडणवीस ने लोगों को दी सलाह

मुंबईमुंबई। मूसलाधार बारिश से मुंबई का बुरा हाल है। मंगलवार को तेज बारिश के बाद सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। लोकल ट्रेन सर्विस और ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। हालांकि पानी घटने के साथ ही देर रात सेन्ट्रल और वेस्टर्न लाइन पर लोकल सेवा बहाल हो गई। वेस्टर्न लाइन पर चर्चगेट से विरार के लिए रात करीब 12 बजे पहली लोकल ट्रेन चली। तेज बारिश की वजह से मंगलवार रात को विक्रोली में 3 लोगों की मौत हो गई। फिलहाल पानी उतर रहा है लेकिन मौसम विभाग ने मुंबई में अगले 24 घंटे मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है।

मुंबई में मंगलवार को सुबह साढ़े 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे के बीच 9 घंटे में करीब 298 मिलीमीटर बारिश हुई। यह इस दशक में अगस्त के महीने में किसी भी दिन सबसे ज्यादा बारिश है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर मुंबई और शहर के आस-पास के इलाकों में रहने वाले लोगों को तब तक घर से न निकलने को कहा है जब तक कि कोई इमरजेंसी न हो।

यह भी पढ़ें: धर्मसत्ता और राजसत्ता के शुद्धिकरण की जरूरत : रामदेव

विक्रोली के वर्षा नगर में एक दोमंजिला इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 2 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा विक्रोली के ही सूर्यानगर में लैंडस्लाइड से 2 लोगों की मौत हो गई। राज्य सरकार ने मुंबई के सभी शिक्षण संस्थानों को बुधवार को बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के सभी एंट्री पॉइंट्स और सी लिंक पर हालात सामान्य होने तक टोल कलेक्शन को निलंबित करने का निर्देश दिया है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुंबई में भारी बारिश से पैदा हुए हालात पर चिंता व्यक्त की है। प्रधानमंत्री मोदी ने हालात से निपटने के लिए राज्य सरकार को हर मुमकिन मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बात कर मुंबई के हालात का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें: बकरीद पर कुर्बानी के खिलाफ खड़ा हुआ मुस्लिम समाज

मुंबई पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि अगर पानी का स्तर गाड़ियों के टायर तक पहुंच जाए तो लोग गाड़ियों को छोड़कर पैदल निकले। मुंबई पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि 2 फीट तक पानी मुश्किल तो पैदा कर सकता है लेकिन इतना पानी सुरक्षित है। मुंबई पुलिस ने भारी बारिश के कारण रास्तों में फंस गए लोगों से पुलिस का आपातकालीन नंबर या 100 नंबर मिलाने या पुलिस के ट्विटर हैंडल पर संदेश भेजकर सहायता मांगने को कहा। सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे और उन्होंने संकटग्रस्त लोगों की मदद की।

LIVE TV