मार्कशीट पर डॉ भीमराव अंबेडकर आगरा की जगह राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विवि अलीगढ़ होगा अंकित, जानिए क्या है कारण

हाथरस के बागला पीजी कॉलेज की मार्कशीट में अब डॉ भीमराव अंबेडकर विश्विविद्यालय आगरा की जगह राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ नाम अंकित किया जाएगा। 2019 में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम से विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की थी। 14 सितम्बर 21 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसका शिलान्यास कर इसकी आधारशिला रखी थी। 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली प्रचण्ड जीत मिलते ही एक शासनादेश जारी कर डॉ भीमराव अंबेडकर संबद्ध से हटा कर अलीगढ़ मण्डल के सभी जिलों के डिग्री कॉलेज को राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय से सम्बद्ध कर दिया गया है।

हाथरस ही नही अलीगढ़ मंडल के चारों जिलों की डिग्रियों पर अब डॉ भीमराव अंबेडकर आगरा की जगह राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ का नाम होगा। इसे लेकर विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने सभी डिग्री कॉलेजों को पत्र जारी कर आवश्यक दस्तावेजों पर राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ से संबद्ध लिखने के निर्देश दिए हैं। बागला पीजी कॉलेज प्राचार्य महावीर सिंह छौंकर ने बताया कि बागला डिग्री कॉलेज के बोर्ड पर भी राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि अलीगढ़ से संबद्ध लिखवा दिया गया है। अब जनपद अलीगढ़, एटा, कासगंज एवं हाथरस में स्थित सभी डिग्री कॉलेज नये विश्वविद्यालय से संबद्ध हो गए हैं। कुल सचिव महेश कुमार ने मंडल के सभी कॉलेजों को इस आशय का पत्र भी जारी कर दिया है। पत्र में कॉलेज के नाम के साथ संबद्धता के संबंध में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय कर दिया है।

LIVE TV