मध्य प्रदेश : गर्भवती महिला से बदसलूकी, कंधे पर बैठा 3 किलोमीटर तक घुमाया

मध्य प्रदेश के गुना में गर्भवती महिला के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। दरअसल महिला को उसके पति द्वारा छोड़ दिया गया था और वह दूसरे आदमी के साथ रह रही थी। जिसके बाद नाराज ससुराल वालों ने उसका जुलूस निकाला। ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला के कंधे पर लड़के को बैठाकर तीन किलोमीटर तक ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर नंगे पैर घुमाया। इस दौरान उसे लाठी-डंडे से मारा भी गया और पत्थर भी बरसाए गये। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। मामले में 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार घटना गुना की है और यह पूरा प्रकरण 9 फरवरी को हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 15 फरवरी को गंभीरता दिखाई और आरोपी ससुर, जेठ और देवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्भवती महिला गुना के बांसखेड़ी की रहने वाली है। पीड़िता ने बताया कि 2 माह पहले पति सीताराम उसे सांगई गांव के डेमा(जिसके घर महिला रह रही थी) के घर पर छोड़कर इंदौर चला गया। पति ने जाते वक्त साफतौर पर कहा कि वह उसे नहीं रख सकता और वह डेमा के साथ ही रहे। हालांकि बाद में ससुर, जेठ और अन्य ने उससे घर चलने को कहा। जब महिला ने मना किया तो सभी उसे पीटने लगे।

इसी के साथ महिला के कंधे पर गांव के एक लड़के को बैठा सांगई से बांसखेड़ी ससुराल तक तीन किलोमीटर तक नंगे पैर ले गए। महिला ने बताया कि उसके पेट में 5 माह का गर्भ है। बावजूद इसके ससुर और जेठ उसे घसीटते रहे। डंडे, पत्थर, क्रिकेट के बल्ले से पैरों में मारते रहे। इस दौरान महिला के पति ने फोन पर परिवार वालों से उसे छोड़ने के लिए कहा हालांकि किसी ने उसकी भी नहीं सुनी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा गाली देना, धक्का देना, चांटा मारना, जान से मारने की धमकी के आरोप में मामला दर्ज किया है।

LIVE TV