कृष्ण लला के दर्शन को व्याकुल हैं मथुरावासी, भक्ति में झूम रहे देखो ये वृजवासी

मथुरा में जन्माष्टमीमथुरा। आज जन्माष्टमी का पर्व है। पूरे भारतवर्ष में आज इसकी धूम मची हुई है। देश के सभी मन्दिरों में श्रीकृष्ण के जन्म की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। हर तरफ लोगों में कृष्ण भक्ति और प्रेम देखते बन रहा है। सभी को इंतजार है बस रात का, क्योंकि ऐसा माना जाता है कि आज की रात ठीक 12 बजे भगवान विष्णु ने कृष्ण के रूप में जन्म लिया था। आज जब पूरा देश इस उत्सव में शामिल हो रहा है तो उनके जन्मस्थान मथुरा की तो बात ही अलग है। इस अवसर पर मथुरा में जन्माष्टमी की धूम मची हुई है। इसके साथ ही मथुरा और वृन्दावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जमा होने लगे हैं।

मथुरा में जन्माष्टमी की धूम

मथुरा में जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर, ठा. द्वारिकाधीश मंदिर, वृन्दावन में ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर, इस्कॉन के कृष्‍ण-बलराम मंदिर एवं प्रेम मंदिर, गोवर्धन के दानघाटी मंदिर, बरसाना व नन्दगांव के मंदिरों में जबरदस्त तैयारी की गई है। कृष्ण भक्तों में खासा उत्साह है और हर तरफ ‘जय कन्हैया लाल की’ गूंज है।

कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर ब्रज में जबरदस्त उत्साह है। ब्रज भूमि मथुरा के तमाम मंदिरों में रोशनी के खास इंतजाम किए गए हैं।

पूरे मथुरा को इस खास मौके के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। श्रद्धालु नंद लाल के आगमन के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं।

कान्हा की नगरी मथुरा और वृन्दावन में जन्माष्टमी त्योहार को लेकर काफी रौनक है। श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।

प्रशासन का अनुमान है कि इस बार 30 लाख लोग जन्माष्टमी मनाने मथुरा पहुंचेंगे। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की तादाद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

जन्मभूमि परिसर को 3 जोन और 14 सेक्टरों मे बांटा गया है। मंदिरों में आने वालों की अच्छी तरह जांच की जा रही है।

दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई शहरों में जन्माष्टमी की धूम है। कन्हैया लाल के भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। जन्माष्टमी के मौके पर देशभर के इस्कॉन मंदिरों को भी सजाया गया है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि संस्थान की ओर से पांच टन लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा।

यह प्रसाद निकास द्वार के दोनों सिरों पर सांयकाल से दर्शन खुले रहने तक लगातार वितरित किया जाएगा।

इसी प्रकार, ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में साल में एक ही दिन होने वाली मंगला आरती में इस बार 101 थाल में सजाकर छप्पन व्यंजन भोग में परोसे जाएंगे।

वहीं संस्थान के सचिव कपिल शर्मा का कहना है कि दुनिया भर के आकर्षण केंद्र बनने वाले श्री कृष्ण जन्मस्थान के भागवत भवन में ठाकुरजी का महाभिषेक गुरुवार रात्रि 12.15 से 12.30 तक चलेगा।  इसके बाद 12.40 से 12.50 तक श्रृंगार आरती के दर्शन होंगे। जन्म के दर्शन रात्रि डेढ़ बजे तक खुले रहेंगे।

इससे पूर्व रात्रि 11 बजे से मध्य रात्रि तक गणेश पूजन एवं नवग्रह पूजन होगा। 12 बजते ही भगवान के प्राकट्य के साथ संपूर्ण मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़े, झांझ-मजीरे बज उठेंगे और मृदंग की थाप पर हरिबोल संकीर्तन प्रारंभ हो जाएगा। इसी बीच, महाआरती प्रारंभ हो जाएगी जो 10 मिनट तक चलेगी।

LIVE TV