भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर के तीसरे हत्यारोपित नितिन धनकड़ को भी किया गिरफ्तार

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर के तीसरे हत्यारोपित नितिन धनकड़ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस दो आरोपितों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। अभी एक नामजद व तीन अज्ञात फरार हैं।

11 मार्च की सुबह मॉर्निंग वॉक पर गए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था। छपरौली इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि संजय खोखर हत्याकांड का आरोपित नितिन धनकड़ पुत्र संजय धनकड़ निवासी छपरौली कस्बा हलालपुर-बाछौड़ जाने वाले मार्ग पर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए हत्यारोपित नितिन को हलालपुर मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पास से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर के तमंचे के अलावा दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

—————-

फेसबुक लाइव करते हुए खुद को बताया था निर्दोष

आरोपित नितिन धनकड़ ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए दो दिन पूर्व फेसबुक लाइव किया था। इससे पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। एक ओर पुलिस खुद को सक्रिय होने का दावा कर रही थी, वहीं एक आरोपित सार्वजनिक रूप से फेसबुक लाइव कर रहा था।

LIVE TV