बाजार में भारी तेजी की बड़ी वजह विदेशी निवेश, सेंसेक्स 834 अंक ऊपर 49,398 पर बंद

विदेशी निवेश के चलते बाजार ने बीते दो दिनों की गिरावट को लगभग रिकवर किया। सेंसेक्स 834 अंकों यानी 1.72% की बढ़त के साथ 49,398.29 पर बंद हुआ है। इससे पहले 25 सितंबर को सेंसेक्स 835 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ था। मंगलवार को बाजार की तेजी में रियल्टी और बैंकिंग शेयर सबसे आगे रहे। इससे पहले 15 और 18 जनवरी को बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी।

बाजार में भारी तेजी बड़ी वजह

  1. चीन की अर्थव्यवस्था में मजबूत रिकवरी से एशियाई बाजार में शानदार बढ़त दर्ज की गई।
  2. दोपहर बाद यूरोपियन बाजार भी बढ़त के साथ खुले। इसमें ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं।
  3. दिसंबर तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजे आ रहे हैं। साथ ही डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत हो रहा है।
  4. मार्केट में भारी विदेशी निवेश लगातार जारी है। सोमवार को FII ने 7,847.77 करोड़ रु. के शेयर खरीदे थे। जनवरी में 18 जनवरी तक कुल निवेश 17,437 करोड़ रु. रहा।
  5. बाजार के प्रमुख शेयरों में अच्छी बढ़त रही। इसमें रिलायंस, टीसीएस, इंफोसिस सहित कोटक बैंक के शेयर शामिल हैं।

BSE पर 67% शेयरों में बढ़त

सेंसेक्स में बजाज फिनसर्व का शेयर टॉप गेनर रहा। शेयर 6.77% की बढ़त के साथ बंद हुआ है। BSE पर 3,146 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। 2,119 शेयर बढ़त और 879 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। यानी 67% शेयरों में तेजी रही। चौतरफा बढ़त के चलते लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी बढ़कर 196.20 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो सोमवार को 192.69 लाख करोड़ रुपए था।

निफ्टी भी 14,500 स्तर के पार

निफ्टी इंडेक्स भी 239.85 अंक यानी 1.68% ऊपर 14,521.15 पर बंद हुआ है। इंडेक्स में बजाज फिनसर्व का शेयर 6.76% ऊपर बंद हुआ है। इसी तरह टाटा मोटर्स और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी 5-5% की बढ़त रही, जबकि ITC, ब्रिटानिया और टेक महिंद्रा के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

कल सेंसेक्स 470 अंकों की गिरावट के साथ 48,564.27 पर और निफ्टी 152.40 अंक नीचे 14,281.30 पर बंद हुआ था।

2021 का तीसरा IPO 21 जनवरी से खुलेगा

होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी (HFFC) का IPO 21 जनवरी को खुलेगा। इसका प्राइस बैंड 517-518 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। यह IPO 1,153.72 करोड़ रुपए के लिए लॉन्च होगा। इसमें 265 करोड़ रुपए फ्रेश इश्यू और 888.72 करोड़ रुपए ऑफर फॉर सेल (OFS) से जुटाए जाएंगे। OFS में प्रमोटर्स और अन्य शेयरहोल्डर्स अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। यह 2021 में IRFC और इंडिगो पेंट्स के बाद लॉन्च होने वाला तीसरा IPO होगा। यह IPO 25 जनवरी को बंद हो जाएगा।

LIVE TV