कॅरियर को लेकर परेशान युवती ने फांसी लगाकर दी जान

सिविल सर्विसेज
Demo Pic

देहरादून: सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी के लिए चार दिन पहले रुद्रप्रयाग से देहरादून आई युवती ने खुदकुशी कर ली। उसके कमरे से पांच पेज का सुसाइड नोट मिला है। जिसके आधार पर पुलिस का कहना है कि अपेक्षित सफलता न मिलने के कारण वह कॅरियर को लेकर काफी परेशान थी।

डालनवाला कोतवाली पुलिस के अनुसार प्रियंका सजवाण (20 वर्ष) पुत्री दर्शन सिंह सजवाण निवासी ग्राम घेघड़, पोस्ट कांडा तहसील जखोली, जनपद रुद्रप्रयाग इसी 29 जून को परिजनों के साथ देहरादून आई थी। यहां उसने डालनवाला के मानसिंहवाला में सीमा पत्नी अनिल पाल के घर में किराये पर कमरा लिया।

विकास के लिए ग्राम पंचायतों को विशेष बजट : सीएम योगी

प्रियंका यहां प्रयाग इंस्टीट्यूट से कोचिंग कर रही थी। शनिवार को दोपहर करीब एक बजे वह कोचिंग से लौटी और सीधे अपने कमरे में चली गई।

देर रात प्रियंका के पिता ने मकान मालिक अनिल को फोन कर बताया कि वह प्रियंका को कई बार फोन कर चुके हैं, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रही। लिहाजा, वह कमरे में जाकर बेटी से उनकी बात करा दें।

इसके बाद अनिल, प्रियंका के कमरे के बाहर पहुंचे और उसे आवाज दी, मगर कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने किसी तरह धक्का देकर कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

कमरे में प्रियंका दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रही थी। पुलिस ने वहां पहुंचकर शव को नीचे उतारा और प्रियंका के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इंस्पेक्टर यशपाल बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम में आत्महत्या करने की बात सामने आई है।

LIVE TV