देश भर में तेवर दिखा रही गर्मी तोड़ेगी कई रिकार्ड, रहें सावधान

भीषण गर्मीनई दिल्ली। मार्च के महीने में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुजरात के अहमदाबाद में भीषण गर्मी के कारण ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया गया है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पारा नए रिकार्ड गढ़ रहा है। वहीं दिल्ली में गर्मी की तपिश महसूस की जाने लगी है। दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में पिछले दस दिनों में ही तापमान 13 डिग्री तक उछल गया है।

मौसम विभाग ने अगले दो महीनों में पूरे देश में औसत से अधिक तापमान रहने की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक मार्च से मई के बीच कई राज्यों को लू के थपेड़े झेलने पड़ेंगे।

गुजरात में येलो अलर्ट

गुजरात का अहमदाबाद शहर पहले ही तेज गर्म हवाएं झेल रहा था, सोमवार को तापमान भी नए हाई पर पहुंच गया। शहर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। अहमदाबाद नगर निगम ने गर्मी को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ की घोषणा कर दी है और हीट ऐक्शन प्लान (HAP) पर काम शुरू कर दिया है, ताकि लू और गर्मी से होने वाली मौतों और डीहाइड्रेशन के मामले कम किए जा सके। 43.3 डिग्री के साथ दीसा सबसे गर्म शहर रहा।

अहमदाबाद गुजरात का चौथा सबसे गर्म शहर बना रहा। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को 38.4 डिग्री तापमान रहा। वहीं राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था।

दिल्ली में अचानक चढ़ा पारा

वहीं दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। 1 मार्च को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस था, तो वहीं 15 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। 23 मार्च को 38 तापमान डिग्री सेल्सियस रहा, महज 8 दिनों में दिल्ली-एनसीआर में पारा 8 डिग्री तक चढ़ गया।

मौसम विभाग ने कुछ दिन पहले जारी अपने अनुमान में कहा था कि देश के उत्तर-पश्चिम इलाके में गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है, जहां तापमान सामान्य से कुछ डिग्री अधिक रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, जिन क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तापमान रहता है, वह ‘कोर हीटवेव जोन’ में आता है यानी वहां अत्यधिक गर्म हवाएं चलती हैं।

‘कोर हीटवेव जोन’ में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना इस क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।

मौसम विभाग ने अगले महीने से उत्तर भारत में लू के चलने का अनुमान जताया है मौसम विभाग लू को लेकर क्षेत्रवार दैनिक और साप्ताहिक अलर्ट भी जारी करेगा। विभिन्न राज्यों में स्थित केंद्रों के जरिये भी क्षेत्र आधारित लू अलर्ट जारी किए जाएंगे।

मौसम विभाग के मुताबिक, 1901 के बाद 2016 सबसे ज्यादा गर्म साल रहा है। जब राजस्थान के पहलोड़ी में तापमान 51 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले साल, 1600 लोगों की गर्मी के कारण मौत हो गई थी। इनमें से 700 मौतें लू के कारण हुई थीं। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सबसे अधिक- 400 लोग गर्मी के कारण मारे गए थे।

विभाग ने बताया कि, 1901 के बाद जनवरी 2017 आठवां सबसे गर्म महीना रहा है। फिलहाल देश के विभिन्न हिस्सों में गर्मी ने जो रुख दिखाना शुरू किया है उससे यही अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार देश में भीषण गर्मी पड़ेगी।

LIVE TV