डेंगू से बचाव को मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुरू किया 10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट अभियान, घर में सफाई करते आए नज़र

नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली में मच्छर से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार रविवार(06 सितंबर 2020) से 10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट अभियान की शुरूआत कर चुकी है। दिल्ली सरकार द्वारा शुरू किया गया यह अभियान हर रविवार को चलाया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास स्थान से हुई। सीएम केजरीवाल अपने निवास स्थान पर 10 बजे, 10 हफ्ते, 10 मिनट अभियान में भाग लेते नज़र आए। इस दौरान उनको बाहर रखे पौधे का पानी बदलकर उसमें नया पानी डालते हुए देखा गया।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि सरकार इस अभियान के ज़रिए दिल्ली को डेंगू और चिकनगुनिया से मुक्त करना चाहती है। इसके साथ ही सीएम ने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। आपको बता दें, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि बीते वर्ष भी यह अभियान चलाकर सरकार डेंगू को हराने में सफल रही थी।

दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने डेंगू और चिकनगुनिया एंटीजन टेस्ट के लिए ‘एलिसा’ तकनीक को अपनाया है। इस तकनीक के ज़रिए यह पता लगाया जा सकता है कि कितने लोगों में डेंगू और मलेरिया के ख़िलाफ एंटीबॉडी बनी हैं। इसका मतलब की, वह बीमार हुए और स्वस्थ भी हो गए, जिनका उन्हें पता भी नहीं चला।

LIVE TV