ये है भारत की पहली डिस्क ब्रेक वाली ट्रेन, स्पीड होगी 200 किलोमीटर प्रति घंटा

टेलगो ट्रेनमुरादाबाद| दिल्ली से बरेली रेल रूट पर रेलवे ने टेलगो ट्रेन का परीक्षण शुरू किया है| ये ट्रायल मुरादाबाद से बरेली के बीच किया गया| स्पेन से लाये गए टेलगो के कोच को भारतीय इंजन के साथ करीब 115 कीमी प्रति घंटा की रफ़्तार से दौड़ाया गया| इस ट्रेन की टॉप स्पीड 200 किमी बताई जा रही है। साथ ही इस ट्रेन को चलाने में 30 प्रतिशत तक ऊर्जा भी बचती है|

इससे पहले गुरुवार को इज्जतनगर से देवरनियां तक टेलगो का सेंसर ट्रायल किया गया था। टेलगो के स्पीड ट्रायल को सफल बनाने के उद्देश्य से मुरादाबाद डिवीजन के सीनियर डिवीजिनल मैकेनिकल इंजीनियर जितेंद्र कुमार शनिवार से ही मुरादाबाद में मौजूद थे|

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इस ट्रेन का मथुरा-पलवल रूट पर 180 किमी प्रति घंटे  की रफ्तार से ट्रायल होगा। फिलहाल इस ट्रेन को भी गतिमान एक्‍सप्रेस की तरह तीसरे ट्रैक पर चलाया जाएगा। लेकिन, पलवल-मथुरा के बीच चौथे ट्रैक का काम पूरा होने पर 200 km/h की रफ्तार से टेलगो ट्रेन चल सकेगी।

बताया जा रहा है कि रेलवे ने हाल में इस ट्रेन की पटरियों के लिए 668 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर किया है। रेलवे ने स्पेन की टेलगो कंपनी से एल्यमुनियम के हल्के नौ कोच इंडियन रेलवे ने मंगवाए हैं।

टेलगो ट्रेन की टॉप स्पीड

टेलगो की टेक्निकल एक्सपर्ट ऐलेना गर्शिया ने बताया कि इस सेमी हाई स्पीड ट्रेन को 200 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चलाया जा सकता है| अगर भारत में सेफ ट्रैक मिले तो ये ट्रेन अपनी रेगुलर स्पीड (200) से ज्यादा तेज भी चल सकती है।

उनका कहना है, ‘इस ट्रेन के पहिये हाइड्रोलिक प्रेशर से संचालित हैं| इन चक्कों में डिस्क ब्रेक लगे हैं। इस कारण अचानक ब्रेक लगाने पर टेलगो चंद सेकेंड्स में ही रुक जाती है, जिससे हादसों की आशंका नहीं रहती।

ट्रेन की ख़ास बातें

  • ट्रेन की सीटें विमान की तरह बनाई गई हैं| इसमें हर यात्री के लिय टेबल, रीडिंग लाइट ऑडियो एंटरटेंमेंट करने जैसी सारी सुविधाए उपलब्ध हैं|
  • टेलगो ट्रेन के हर कोच में नहाने की व्यवस्था और रेस्टोरेंट भी उपलब्ध है|
  • ट्रेन के कोच पूरी तरह से हाईस्पीड में चलने के लिय बनाये गये हैं| इनका वजन बहुत कम है जिससे मुड़ते समय स्पीड को कम करना ज़रूरी नहीं है|

भारत की हाई स्पीड ट्रेनें

  • दिल्ली से आगरा के बीच किसी प्लेन की तरह तमाम सुविधाओं वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस पहले से ही चल रही है| गतिमान एक्सप्रेस अब तक की देश की सबसे तेज रफ्तार वाली ट्रेन है जो अधिकतम 160 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है|
  • लखनऊ और दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन के बीच पहले से डबल डेकर ट्रेन चल रही है| हाल ही में दिल्ली और जयपुर के बीच भी एक डबल डेकर ट्रेन चलाई गयी है| इसकी स्पीड भी 110 किमी है|

बुलेट ट्रेन के लिए काम जारी

रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने हाल ही में कहा है कि भारत में पहली बुलेट ट्रेन पर काम किया जा रहा है| ये ट्रेन 2023 में दौड़ने लगेगी| बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच की 508 किलोमीटर की दूरी करीब दो घंटे में पूरी करेगी। सामान्य गति 320 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी, जबकि अधिकतम गति 350 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी।

इस ट्रेन के लिए 508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल गलियारे में समुद्र के नीचे 21 किलोमीटर की सुरंग भी बनाई जाएगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 97,636 करोड़ रुपए हैं, जिसके 81 प्रतिशत हिस्से का वित्त पोषण जापान से ऋण लेकर किया जाएगा।

LIVE TV