गुजरात में गैस रिसाव से बड़ा हादसा, 6 की दम घुटने से हुई मौत, 20 की हालत गंभीर

गुजरात में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां के सुरत की एक प्रिंटिंग मिल में सुबह के वक्त गैस लीक हो गई। जिसमें करीब छह कर्मचारियों का दम घुट गया। इससे उनकी मौत हो गई है। 20 अन्य लोग भी इस गैस की चपेट में आए हैं। जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक विश्व प्रेम डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के पास टैंकर से गैस रिसाव के कारण यह हादसा हुआ।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मिल के पास एक नाला स्थित है। जहां, सुबह-सुबह एक अज्ञात टैंकर चालक उस नाले में जहरीला कैमिकल डाल रहा था। इसी समय जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। इसकी चपेट में मिल के कर्मचारी भी आ गए और लोगों का दम घुटने लगा। यह जानकारी जैसे ही लोगों में पहुंची, अफरा-तफरी मच गई। हादसा बढ़ता देख इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

वहीं गंभीर हालत वाले लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। हादसे के सही कारण का अभी पता लगाया जा रहा है।

LIVE TV