कोलम्बो टेस्ट : अश्विन ने श्रीलंका को फॉलोऑन पर मजबूर किया

कोलम्बो टेस्टकोलम्बो। रविचंद्रन अश्विन (69-5) की धारदार गेंदबाजी के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम ने यहां के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को श्रीलंका की पहली पारी 183 रनों पर समेट दी। श्रीलंकाई टीम फॉलोऑन को मजबूर हुई है। भारत को 439 रनों की बढ़त मिली है।

भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 622 रनों पर घोषित कर दी थी। भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा (133) और अजिंक्य रहाणे (132) ने शतक लगाए थे। पहले टेस्ट में भी भारत ने मेजबान टीम को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया था लेकिन उसने उसे फॉलोऑन खिलाया नहीं था लेकिन इस बार भारत मेजबान टीम को फॉलोऑन करा रहा है।

श्रीलंका ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 50 रन बनाए थे। कुशल मेंडिस 16 और दिनेश चांडीमल 8 रनों पर नाबाद लौटे थे। मेंडिस (24) को तीसरे दिन उमेश यादव ने 64 के कुल योग पर चलता किया जबकि चांडीमल (10) को रवींद्र जडेजा ने 60 के कुल योग पर पवेलियन की राह दिखाई।

इसके बाद श्रीलंका ने लगातार अंतराल पर कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (26), निरोशन डिकवाला (51), धनंजय सिल्वा (0), दिलरुआन परेरा (25) रंगना हेराथ (2) और नुवान प्रदीप (0) के विकेट गंवाए। मेलिंडा पुष्पकुमार 15 रनों पर नाबाद लौटे।

डिकवाला ने अपनी 48 गेंदों की आकर्षक पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। भारत की ओर से अश्विन के अलावा मोहम्मद समी और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए जबकि उमेश को एक सफलता मिली। भारत ने गॉल में खेला गया पहला टेस्ट मैच 304 रनों से अंतर से जीता था। उसने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।

LIVE TV