कोरोना बना रहा हर दिन नया रिकॉर्ड, बीते 24 घंटो में आए इतने मामले

हर दिन नया रिकॉर्ड बना रही कोरोना की दूसरी लहर पहले वाली से भी कई ज़्यादा खतरनाक नज़र आ रही है। शुक्रवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान देशभर में 2,17,353 नए कोरोनावायरस केस दर्ज किए गए हैं। यह लगातार दूसरा दिन है, जब संक्रमण के दो लाख से ज़्यादा नए केस दर्ज हुए हैं। भारत में अब तक दर्ज कुल कोविड मामलों की संख्या 1,42,91,917 पहुँच गई है। जारी आंकड़ों के मुताबिक़, बीते 24 घंटो में 1,185 मरीज़ों ने कोरोनावायरस का शिकार बन अपनी जान गवाँई है।

अगर केवल अप्रैल के महीने की बात करें तो कुल मिला कर 21,42,582 नए कोरोनावायरस के मामले दर्ज हुए हैं, तो वहीँ 11,840 मरीज़ों ने जान भी गंवाई है। कोरोनावायरस के विभिन्न वेरिएन्ट से जूझते भारत में COVID-19 के नए केसों में लगातार होती बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। देशभर में एक्टिव केसों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस समय एक्टिव मामलों की संख्या 15 लाख से ज़्यादा है। जारी आकड़ों के अनुसार, भारत में एक्टिव मरीज़ों की कुल संख्या 15,69,743 हो गई है।

उधर, भारत में कोरोनावायरस, और उससे होने वाले रोग COVID-19 के विरुद्ध जारी वैक्सीनेशन अभियान की गति भी तेज़ है, और दुनियाभर में सबसे तेज़ गति से 10 करोड़ वैक्सीन डोज़ लगाने का रिकॉर्ड कायम वाले देश में शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को पूरे देश में 27,30,359 डोज़ लगाई गईं, जिनके साथ भारत-भर में अब तक कुल 11,72,23,509 कोरोना वैक्सीन डोज़ लगाई जा चुकी हैं।

LIVE TV