
कानपुर। 15 वर्षीय लड़के को कुछ गुंडो ने उस समय आग के हवाले कर दिया जब वह अपनी मां की इज्जत बचाने की कोशिश कर रहा था। घटना उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के नारिगडा अबदुल्लापुर में हुई है। पुलिस के मुताबिक लड़के का 60 फीसदी शरीर जल चुका है।
घटना शुक्रवार की है। जानकारी के मुताबिक शुभम नाम के शराबी बदमाश की एक महिला पर बुरी नजर थी। मौका पाकर महिला के घर में घुसा और रेप की कोशिश करने लगा। महिला के किशोर बेटे ने ये हिमाकत देखी, तो वह मां की अस्मत बचाने के लिए शराबी से भिड़ गया। 15 वर्षीय बेटा डंडा उठाकर शुभम से भिड़ गया और उसे घर से भगा दिया।
उन्नाव में हुई दर्दनाक घटना
लड़के के पिता ने बताया, “शुभम बाद में अपने 6 दोस्तों के साथ वापस आया और मेरे बेटे पर हमला कर दिया। मेरा बेटा उस समय घर में अकेला था। बदमाशों ने उस पर पहले कैरोसीन छिड़का और फिर आग लगा दी।” गांव के लोग दौड़े व किसी तरह आग बुझाई। गांव वालों के साथ मां-बाप किशोर को झुलसी हालत में ही लेकर थाने पहुंचे पर पुलिस वालों ने पहले इलाज कराने और फिर आने की बात कहकर उन्हें टाल दिया।
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। गांव वालों ने पुलिस के रवैये पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बदमाश और उसके साथियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों ने कहा है कि अगर जल्द ही शुभम की गिरफ्तारी नहीं होती तो वह जिला मुख्यालय पर धरना करेंगे।