
मुंबई। उड़ता पंजाब फिल्म पर कोई न कोई नया विवाद पैदा होता नज़र आ रहा है। सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पहलाज निहलानी ने निर्माता अनुराग कश्यप पर पैसे लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि इस फिल्म को बनाने के लिए अनुराग कश्यप को आम आदमी पार्टी से फंडिंग की गई है। निहलानी के द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि तब हुई जब सोशल मीडिया पर एक ट्वीट वायरल हुआ। यह ट्वीट भगत सिंह क्रांति सेना के अध्यक्ष तेजिंदर पाल बग्गा ने किया। इस ट्वीट से ये बात साफ़ हो गई कि फिल्म के सह निर्माता समीर नैय्यर आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं।
उड़ता पंजाब पर विवाद ज़ारी
इस ट्वीट में लिखा है कि रोचक, उड़ता पंजाब के सह निर्माता समीर नैय्यर आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं। 18 अक्टूबर, 2013 को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में केजरीवाल ने समीर नैय्यर के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की सूचना दी थी।
केजरीवाल के इस ट्वीट का समीर नैय्यर ने धन्यवाद देते हुए जवाब दिया था और कहा था कि इतिहास का एक हिस्सा बनने पर वे खुद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की मदद करने पर उन्हें खुशी होगी।
जहां एक तरफ अब उड़ता पंजाब पर बॉम्बे हाईकोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा, वहीं दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपना-अपना बयान देकर सियासत को गर्माने में लगे हुए हैं।
क्या है पूरा मामला
पहलाज ने कहा था कि अनुराग उन पर पैसे लेकर आरोप लगा रहे हैं। पहलाज ने आरोप लगाया था कि अनुराग को आम आदमी पार्टी की ओर से पैसे दिए गए हैं। वहीं पहलाज के आरोपों पर जवाब देते हुए अनुराग ने कहा था कि अगर उनके पास सबूत हैं तो वह देश के सामने रखें।
इस मामले में पूरा बॉलीवुड अनुराग के साथ खड़ा हो गया। पहलाज के आरोपों के जवाब में उड़ता पंजाब फिल्म के निर्माता ने एक प्रेस कांफ्रेस की। इस प्रेस कांफ्रेस में बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी अनुराग के साथ मौजूद रहीं।
विवादों में फंसी अपनी फिल्म उड़ता पंजाब को लेकर अनुराग कश्यप बुधवार को बॉम्बे हाईकोर्ट भी पहुंच गए। इसके बाद कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई को कल तक के लिए टाल दिया है। हालांकि इससे पहले कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को आदेश दिया था कि वे फिल्मह को ए सर्टिफिकेट दे सकते हैं। वहीं अब मामला बढ़ने के बाद कोर्ट गुरुवार को सुनवाई करेगा।