आठ मार्च को ही हो जाएगा साफ, किसके सिर सजेगा ताज और कौन होगा बे-ताज

चुनाव परिणाममुम्बई। मुंबई के अगले महापौर का चुनाव आठ मार्च को नये सदन की पहली बैठक के दिन हो जाएगा। बृहनमुम्बई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख चार मार्च है और चुनाव आठ मार्च को दोपहर में होगा। बीएमसी में चुनाव पश्चात गठबंधन का कोई संकेत नहीं दिखने के बीच यह देखा जाना अभी बाकी है कि राजनीतिक दल महापौर चुनाव के लिए क्या रणनीति अपनाते हैं। चुनाव में खंडित जनादेश आया था।

आठ मार्च को होगा मुम्बई महापौर का चुनाव 

नया घटनाक्रम इन खबरों के बीच आया है कि इस नगर निकाय में दो मुख्य दलों- शिवसेना और भाजपा में नव निर्वाचित सदन की पहली बैठक की तारीख को लेकर अलग अलग राय थी। एक बीएमसी अधिकारी ने बताया कि निगम आयुक्त ने आठ मार्च का दिन तय किया है जो वर्तमान सदन का आखिरी दिन है। निगम आयुक्त ही नये सदन की पहली बैठक बुलाते हैं जिस दौरान महापौर का चुनाव होता है। हाल के बीएमसी चुनाव में शिवसेना ने 84 सीटें और भाजपा ने 82 सीटें जीती थीं। कांग्रेस 31 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर चली गयी,  राकांपा को नौ और राज ठाकरे के मनसे को सात सीटें मिलीं।

मालूम हो कि भाजपा व शिवसेना में बीएमसी चुनाव को लेकर अलग-अलग राहें हो गई थी। दशकों तक साथ रहे दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़े थे। अब जब मुंबई का सरताज बनने की बारी आई है तो सबसे बड़े दल शिवसेना 84, भाजपा 82 को अपना मेयर चुनने के लिए या तो आपस में हाथ मिलाते हुए गठबंधन करना होगा या तीसरे बड़े दल 31 सीटों वाले कांग्रेस से  हाथ मिलाना होगा। बहुमत का जादुई आंकड़ा 114 को पाने के लिए दोनों बड़े दलों में कश्‍मकश जारी है। लेकिन कौन किससे हाथ मिलाता है। इसका खुलासा आठ मार्च को हो जाएगा।

 

LIVE TV