
नई दिल्ली। अपने विधायकों की गिरफ्तारी से परेशान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीडियो के माध्यम से कहा है कि पीएम मोदी गुस्से और बौखलाहट में उनकी हत्या तक करवा सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने लगाये भाजपा पर आरोप
यू-ट्यूब पर डाले गए अपने वीडियो में केजरीवाल ने कहा है कि मोदी जी हमारे काम से गुस्से में और बौखलाए हुए हैं। इस लिए वे बिना सोचे समझे फैसले ले रहे हैं। गुस्से में फैसला लेना देश के लिए खतरनाक हो सकता है।
मोदी सरकार आम आदमी को कुचलने की कोशिश कर रही है। मोदी इस गुस्से और बौखलाहट में मेरी हत्या भी करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप’ के सभी कार्यकर्ता जेल जाने के लिए तैयार रहें। यहां तक कि मरने के लिए भी। जो डर रहे हैं, वो कुछ वक्त के लिए पार्टी छोड़कर जा सकते हैं।
पिछले साल दिल्ली में भारी जीत दर्ज करने के बाद सत्ता में आई आम आदमी पार्टी के 11 विधायक अब तक गिरफ्तार किए जा चुके हैं। बुधवार को ‘आप’ के दो और विधायक मुश्किलों में घिर गए। जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि पर उगाही का आरोप लगाने वाली एक महिला ने एक नोट में उनके नाम का जिक्र कर खुदकुशी करने की कोशिश की।
अरविंद केजरीवाल लगातार केंद्र सरकार पर अपने विधायकों को परेशान और दिल्ली सरकार को काम न करने देने का आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि बीजेपी उनके आरोपों को सिरे से नकारती रही है।
भाजपा के ‘गुंडे’ नहीं चलने दे रहे ऑटो-टैक्सी : केजरीवाल
वहीं केजरीवाल ने दिल्ली में ऑटो व टैक्सी की हड़ताल के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के ‘गुंडे’ ऑटो व टैक्सियों को सड़कों पर चलने से रोक रहे हैं। केजरीवाल ने कुछ लोगों की जबरदस्ती ऑटो और ई-रिक्शा को रोकने की तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘देखिये इसे, भाजपा के गुंडे ऑटो और टैक्सी को चलने से रोक रहे हैं। भाजपा दिल्ली को पंगु बनाना चाहती है। इसे एलजी (उपराज्यपाल) और दिल्ली पुलिस का समर्थन मिल रहा है’। उनकी यह टिप्पणी उन खबरों के बाद आई है, जिनके मुताबिक शहर के विभिन्न हिस्सों में हड़ताली ऑटो चालकों को जबरन अपनी गाड़ी चलाने से रोक रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली सरकार ने इस हड़ताल को भाजपा द्वारा प्रायोजित करार दिया है।