हरियाणा : महिलाओं पर पुलिस का कहर, घसीट-घसीटकर पीटा

हरियाणा यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर आज किसान अपनी महिलाओं के साथ बिजली निगम के एसई कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने किसानों को यमुनानगर में नेशनल हाइवे 73 पर आईटीआई चौक के समीप रोककर हिरासत में ले लिया।

हरियाणा के यमुनानगर का मामला

किसानों के साथ आई महिलाओं ने यमुनानगर में आईटीआई के समीप जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची महिला पुलिस कर्मियों ने जाम लगा रही महिलाओं को घसीट-घसीट बसों में भरकर हिरासत में लेकर जाम खुलवाया। इस दौरान कुछ महिलाओं के साथ पुलिस कर्मियों ने मारपीट भी की। पुलिस कर्मचारियों ने इस दौरान बुजुर्ग और बीमार महिलाओं को भी नहीं बख्शा औऱ उनको भी घसीट-घसीटकर गाड़ियों में डाल दिया। बुजुर्ग महिलाओं के साथ पुलिस कर्मचारियों ने हाथापाई भी की। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर से हरियाणा पुलिस की दरिंदगी वाला चेहरा सामने आ गया है।

वहीं डीएसपी हेडक्वार्टर आदर्शदीप सिंह ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन ने आज एसई कार्यालय के घेराव की चेतावनी दी थी। उसे लेकर यह कार्रवाई की गई है और सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रस्‍तुति – आदेश कुमार