भीषण सड़क हादसा, मिनी वैन की अज्ञात वाहन से टक्कर, 5 की मौत, 10 घायल
गुजरात में अहमदाबाद के धोलका में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक मिनी वैन आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन में जा घुसी। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिनी वैन में सवार लोग वडोदरा से बोटाड जिले में स्थित एक मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।

धोलका पुलिस के अनुसार घटना शनिवार देर रात की है। जहां तेज रफ्तार मिनी वैन आगे जा रहे किसी वाहन में जा भिड़ी। इसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मरने वालों में वैन चालक भी शामिल है। पुलिस उस वाहन की तलाश कर रही है, जिसमें वैन घुसी थी। मृतकों की उम्र 27 से 48 साल के बीच है। उनकी शिनाख्ती के प्रयास जारी हैं।