भाजपा की परिवर्तन यात्रा होगी 17000 किलोमीटर की

भाजपा की परिवर्तन यात्रालखनऊ : उत्तर प्रदेश में गुरुवार को एक तरफ जहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समाजवादी विकास रथयात्रा के माध्यम से यूपी भ्रमण पर निकले, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपनी परिवर्तन यात्राओं के जरिये उप्र को मथने की योजना बना ली है। पार्टी के उप्र प्रमुख केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि यूपी में भाजपा की परिवर्तन यात्रा 17000 किलोमीटर का सफर तय करेगी और इस दौरान 36 बड़ी सभाएं आयोजित की जाएंगी।

मौर्य ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए भाजपा की चार परिवर्तन यात्राएं राज्य की 403 विधानसभा सीटों का भ्रमण करते हुए लखनऊ पहुंचेंगी। रथयात्रा के दौरान छह स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाएं होंगी।

मौर्य ने बताया कि चारों रथ यात्राएं कुल 17000 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। इन यात्राओं में हर दिन एक राष्ट्रीय नेता एक प्रादेशिक नेता और एक सांसद रथ पर मौजूद रहेंगे।

उन्होंने बताया कि बताया कि 5 नवंबर को सहारनपुर से, 6 नवंबर को झांसी से, 8 नवंबर को सोनभद्र से और 9 नवंबर को बलिया से परिवर्तन यात्रा शुरू होकर उत्तर प्रदेश के लोगों से जनसंपर्क करते हुए 24 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी।

मौर्य ने बताया कि सहारनपुर से चलने वाली परिवर्तन यात्रा 50 दिनों में 109 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। झांसी से चलने वाली परिवर्तन यात्रा 49 दिन में 79 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। सोनभद्र से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा 47 दिन में 108 विधानसभा क्षेत्रों से और बलिया से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा 46 दिन में 107 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए लखनऊ पहुंचेगी।

उन्होंने बताया कि इन परिवर्तन यात्राओं के दौरान 36 बड़ी सभाएं होंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, भाजपा के यूपी प्रभारी ओम माथुर और खुद केशव प्रसाद मौर्य चारों परिवर्तन यात्राओं की शुरुआत में मौजूद रहेंगे।

उन्होंने कहा कि 5 नवंबर को सहारनपुर से निकलने वाली परिवर्तन यात्रा की शुरुआत में राजनाथ सिंह दिल्ली में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय समिट की वजह से नहीं रहेंगे। बाकी तीनों यात्राओं में वह मौजूद रहेंगे।

मौर्य ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पश्चिम, ब्रज, बुंदेलखंड, अवध और पूर्वाचल में रथयात्रा पहुंचने पर जनसभा को संबोधित करेंगे। यह परिवर्तन यात्राएं यूपी से गुंडाराज और भ्रष्टाचार के सफाए का माहौल तैयार करेंगी और यूपी की सत्ता में भाजपा की वापसी कराएंगी।

समाजवादी पार्टी का रथ खराब हो जाने पर मौर्य ने कहा कि सपा सरकार को यूपी की जनता की ‘हाय’ लगी हुई है। यह रथ सरकार ने पिता और चाचा के लिए निकाला था। इसी वजह से रुक गया।

उन्होंने कहा, “हम जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे से तैयार हुए रथ पर निकलेंगे और इस बार 300 का आंकड़ा पार करेंगे।”

LIVE TV