
श्रीनगर। आतंकियों के पोस्टर ब्वॉय माने जाने वाले बुरहान वानी की मौत के बाद घाटी का माहौल बेहद तनावपूर्ण है। इस पूरे मामले में अलगाववादी नेताओं द्वारा घाटी में जहर फैलाया जा रहा है। बीते दिन से चल रहे प्रदर्शन में यहां अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
बुरहान वानी की खिलाफत
बीते दिन बुरहान के जनाजे पर लगभग 40 हजार लोग जमा हुए थे। यहां माहौल काफी तनाव पूर्ण बन गया। इस पूरे मामले पर लोगों की भीड़ को अलगाववादी नेताओं का समर्थन मिल रहा था। हालांकि अब घाटी के लोगों के लिए आज प्रमुख अलगाववादी नेता के बेटे ने एक संदेश भेजा। लिबरेशन फ्रंट के संस्थापकों में से एक हाशिम कुरैशी के बेटे जुनैद कुरैशी की ओर से यह संदेश जारी किया गया है। जुनैद अभी नीदरलैंड में रह रहे हैं।
अपने संदेश में जुनैद ने कहा है कि हम लोगों ने 26 साल पहले बंदूक उठाई थी लेकिन उससे क्या हासिल हुआ? बस लोगों की जान गई। इसको रोका जाना चाहिए। कश्मीर के लोगों को समझना होगा कि कश्मीर का मामला बातचीत से ही हल हो सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने अलगाववादी नेताओं पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि इन अलगाववादियों के बच्चे मलेशिया, अमेरिका, लंदन में सुरक्षित माहौल में रहते हैं और गरीब लोगों के लड़के सड़कों पर मारे जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोगों को समझना होगा कि अगर बंदूक उठाना इतना ही नेक काम होता तो अलगाववादी नेताओं के बच्चे क्यों बंदूक नहीं उठाते?