आदत से बाज नहीं आ रहा पाक, भारत को फिर उकसाया

पाकिस्तान जम्मू | खुद के बाेये आतंक की आग में झुलस रहा पड़ोसी देश लाख कोशिशों के बाद उकसावे की हरकत से बाज नहीं आ रहा है। पाकिस्तान की सेना ने शुक्रवार को संघर्ष विराम का फिर उल्लंघन करते हुए जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगी भारतीय चौकियों पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की।

जम्मू एवं कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू में विभिन्न सूत्रों ने बताया, “पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर हमारी चौकियों को छोटे व स्वचालित हथियारों से निशाना बनाया।”

सूत्रों ने कहा, “हमारे सैनिक समान क्षमता के हथियारों से पाकिस्तान की गोलीबारी का जवाब दे रहे हैं।”

खबर लिखने तक गोलीबारी जारी थी। भारतीय पक्ष से फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इससे पहले 14 अगस्‍त को पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर में तड़के तीन बजे छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की थी।
LIVE TV