खुले में शराब पीने वालों की बजेगी बैंड, पुलिस रखेगी कड़ी नज़र
हरियाणा के फतेहाबाद में बढ़ते क्राइम के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की निति अपनाते हुए पुलिस कड़ा रुख अपनाती हुई दिखी। डीएसपी से सिपाही सुबह से ही गश्त पर नजर आए। हरियाणा में बढ़ते जा रही अपराध पर लगाम लगाने के लिए यह कदम उठाए जा रहे हैं।

शुक्रवार रात को एडीजीपी श्रीकांत जाधव के आदेशों के बाद खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान सख्ती से चला। इसके बाद शनिवार सुबह भी सिपाही से लेकर डीएसपी तक बाजारों से लेकर पार्कों तक में गश्त पर रहे। बता दें कि 14 मार्च को दोपहर 12 बजे तक शहर बंद रखकर फतेहाबाद की जनता ने बढ़ते अपराध के खिलाफ रोष जताया था। इसके दो दिन बाद डीसी जगदीश शर्मा और एसपी आस्था मोदी ने सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों के साथ बैठक भी की।
पिछले एक सप्ताह से पुलिस पूरी सक्रिय हो चुकी है। गली गली में सायरन बज रहे हैं। शहर के साथ साथ गांवों में भी लगातार गश्त हो रही है। शहर में डीएसपी सुभाष चंद्र के नेतृत्व में शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज, महिला थाना प्रभारी कविता सहित पूरा पुलिस अमला जनता में खोए विश्वास को फिर से पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।