
नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों पर जल्द ही विराम लग सकता है। राहुल को पार्टी की कमान सौंपने पर फैसला कुछ हफ्तों में हो सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के बाद राहुल गांधी पार्टी में बड़े बदलाव करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष बन करेंगे कायाकल्प
इस बारे में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बीच दो बैठकों में बदलाव पर बात भी हुई है। हालांकि यह तय है कि सोनिया गांधी इस पर अंतिम फैसला लेंगी।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान अगले कुछ हफ्तों में राहुल गांधी के हांथों में दे दी जाएगी। उसके साथ ही संगठन में बदलाव होंगे और युवा चेहरों को तरजीह दी जायगी।
जानकारी मिल रही है कि अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी चिंतन शिविर करेंगे। इसके पहले वह पार्टी में महासचिव, सचिव और प्रदेश अध्यक्षों को बदलने को लेकर फैसला लेंगे। राहुल गांधी अभी इन पदों के की लिस्ट अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं।
बता दें कि बीते दो साल से कांग्रेस संगठन में बदलाव के कयास लगाये जा रहे हैं लेकिन वो बदलाव लगातार टलते रहे। अब विधानसभा चुनाव में भी लगातार हार के बाद सोनिया गांधी ने ये तय कर लिया है कि राहुल गांधी को इस साल ही पार्टी की कमान सौंप दी जाएगी।