शहादत के बाद लौट आया शक्तिमान

शक्तिमानदेहरादून। आपको शक्तिमान तो याद ही होगा। वही जो बीजेपी के प्रदर्शन के दौरान घायल हो गया था और कुछ दिनों बाद उसकी मौत हो गयी थी। अब वह एक बार फिर लौट आया है लेकिन मूर्ति के रूप में। उसकी याद में विधानसभा तिराहे पर मूर्ति स्थापित कर दी गई है। इसके साथ ही इस तिराहे का नाम अब शक्तिमान चौक होगा।

शक्तिमान की ऐसे हुई थी मौत

इसी तिराहे पर मार्च में भाजपा की रैली के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस का यह घोड़ा घायल हो गया था। जिसके बाद उत्‍तराखण्‍ड की राजनीति में भूचाल आ गया था। इससे पहले पुलिस लाइन में मुख्यद्वार पर भी एक मूर्ति स्‍थापित की गयी थी। इसके साथ ही अस्तबल, पार्क और पेट्रोल पंप का नामकरण उसके नाम पर किया जा चुका है।

बीती 14 मार्च को भाजपा के विधानसभा कूच के दौरान पुलिस के घोड़े शक्तिमान की पिछली टांग टूट गई थी। इस मामले में भाजपा विधायक गणेश जोशी व दो अन्य नेताओं पर घोड़े को लाठी से प्रहार कर घायल करने का मामला दर्ज है। घायल शक्तिमान का जीवन बचाने के सभी संभव प्रयास किए गए। अमेरिका से उसके लिए कृत्रिम पांव भी लगाया गया मगर 20 अप्रैल को घोड़े की मृत्यु हो गई। इस प्रकरण को लेकर तब सियासत भी खूब हुई। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने घोड़े की याद में विधानसभा तिराहे के नामकरण के साथ ही वहां उसकी मूर्ति स्थापित करने की घोषणा की थी।

LIVE TV