अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव का हल्ला इजरायल की सड़कों पर हुआ शुरू, ट्रंप को फिर से जिताने के लिए लोगों का आह्वान

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव का हल्ला इजरायल की सड़कों पर भी शुरू हो गया है। यहां ट्रंप को फिर से जिताने के लिए लोगों का आह्वान किया जा रहा है। ऐसा हो भी क्यों नहीं, इजरायल में हजारों की संख्या में अमेरिकी नागरिक जो रहते हैं। ..और राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के लिए जो किया वह किसी ने नहीं किया। पूरी दुनिया के विरोध की अनदेखी कर यरशलम में अमेरिकी दूतावास स्थानांतरित कर उसे अनौपचारिक राजधानी का दर्जा दे दिया। गोलन पहाड़ियों पर इजरायल के कब्जे पर वैधता की मुहर लगा दी।

लेकिन इजरायल में रह रहे मतदाताओं को लुभाने की डेमोक्रेटिक पार्टी भी कम कोशिश नहीं कर रही। उसने मतदाताओं को कुरियर सर्विस डीएचएल की ओर से 40 प्रतिशत का बड़ा डिस्काउंट दिलवा दिया है। मतदाता कुरियर से अपने मतपत्र अमेरिका भेज सकते हैं। अमेरिकी चुनाव में अप्रवासी मतदाताओं का बड़ा महत्व है। इजरायल में बड़ी संख्या में लोग दोहरी नागरिकता वाले हैं। उनके पास इजरायल के साथ अमेरिका की भी नागरिकता है।

रिपब्लिकंस ओवरसीज इजरायल के अध्यक्ष मार्क जेल बताते हैं कि यहां पर करीब 30 हजार अमेरिकी मतदाता हैं। इनमें ज्यादातर फ्लोरिडा के हैं और वे वहां के चुनाव पर ब़़डा असर डाल सकते हैं। सन 2000 में जॉर्ज डब्ल्यू बुश को फ्लोरिडा से ही जीत हासिल हुई थी। जबकि डेमोक्रेट्स एब्रॉड इजरायल की प्रमुख हीथर स्टोन का कहना है कि ट्रंप ने इजरायल का अपने हित के लिए इस्तेमाल किया है। इजरायल के लोग यह समझ गए हैं, इसलिए वे डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रत्याशी जो बिडेन को ही वोट देंगे।                                                                             

LIVE TV