व्यापारी महाकुंभ में अखिलेश का योगी पर हमला, बोले- संकट में व्यापारी, किसान और नौजवान
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को व्यापारी महाकुंभ कार्यक्रम में शामिल हुए है। जहां उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा कि जब व्यापारियों ने मन बना लिया है तो भाजपा का जाना और सपा का आना तय है। हम उत्तर प्रदेश में लगातार जा रहे हैं। माहौल बदलाव का है। अब इस सरकार को लोग देखना नहीं चाहते हैं। इतना दुख किसी सरकार ने नहीं दिया। व्यापारी, किसान और नौजवान संकट में हैं।
इसी के साथ ही अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि योगीजी 24 घंटे काम करते हैं लेकिन दिखा कुछ नहीं। तभी व्यापारी परेशान है। व्यापारियों की कमाई आधी हो गई है। हिसाब लगाओ तो महंगाई दोगुनी हो गई है। ऐसे में खुशहाली कहां से आयेगी।
इसी के साथ ही सपा अध्यक्ष ने कहा, भाजपा ने किसान और व्यापारी की कड़ी को तोड़ दिया है। अब व्यापारी समझ चुके हैं कि भाजपा किसकी पार्टी है। वह व्यापारियों की पार्टी होती तो कारोबार खत्म ना करती। भाजपा सरकार ने जो फैसले लिए वह चंद लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया। बड़े अमीरों को फायदा पहुंचाने के लिए यूपी सरकार फैसले ले रही है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि एयरपोर्ट बेचे जा रहे है। डीजल पेट्रोल मंहगा है।