
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में स्थित श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (माती क्षेत्र) में शनिवार रात आयोजित एक फेयरवेल पार्टी का जश्न उस समय हिंसक घटना में तब्दील हो गया, जब छात्रों के दो गुटों के बीच भारी बवाल हो गया। यह पूरा विवाद समारोह में आगे की सीट पर बैठने को लेकर हुई एक मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों के बीच नौबत हाथापाई से होते हुए चाकूबाजी तक पहुंच गई, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
इस हिंसक झड़प में तीन छात्र घायल हुए हैं। पुलिस द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संघर्ष के दौरान चाकू लगने से अतुल मिश्रा नामक छात्र घायल हो गया है, जबकि मारपीट और हंगामे की चपेट में आने से अथर्व और प्रवीण नामक दो अन्य छात्रों को भी चोटें आई हैं। घटना के वक्त वहां मौजूद कुछ अन्य छात्रों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश की, लेकिन विवाद काफी बढ़ चुका था। बवाल की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
माती थाना के एसएचओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि परिसर में अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई है। वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) संगम कुमार ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर (शिकायत) प्राप्त होते ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


