बुधवार देर शाम पुलिस और SWAT टीम की संयुक्त कार्रवाई में होटल व्यवसायी आलोक राय उर्फ डब्लू के पुत्र विनीत राय हत्याकांड का मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी मुठभेड़ में मार गिराया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपे आरोपी को घेर लिया गया। पुलिस ने सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन कमलेश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली SWAT टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लगी, जिन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम था। वह विनीत राय हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपी था।



