
उत्तराखंड सरकार ने ऋषिकेश हाईवे चौड़ीकरण के लिए 4,369 पेड़ों की कटाई पर अस्थायी रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन विरोध के बाद यह फैसला लिया।
रणीपोखरी-ऋषिकेश वन प्रभाग में बड़े पैमाने पर पेड़ काटे जाने का विरोध करते हुए पर्यावरणविदों, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने लगातार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे के लिए वैकल्पिक रूट अपनाने की मांग की है।
राजनीतिक उठापटक
इस मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और संसद में मुद्दा उठाने का आश्वासन दिया।
वन्यजीवों पर खतरा
बड़कोट रेंज में शुक्रवार सुबह एक मादा सांभर हिरनी के वाहन से टकराकर मरने की घटना के बाद वन्यजीवों को हो रहे नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हाईवे चौड़ा होने से वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, जिससे वन्यजीवों की मौत के मामले और बढ़ सकते हैं।
सोशल मीडिया पर एक महिला के वायरल वीडियो ने भी ध्यान खींचा है, जिसमें वह पेड़ काट रहे मजदूरों से भावुक अपील कर रही है।



