
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश, भूस्खलन और सड़क अवरोध की स्थिति को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्धन और आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने कहा कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क ब्लॉकेज की सूचना मिले, वहां तुरंत कार्रवाई की जाए। राहत और बचाव टीमें पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों को समय पर मदद पहुंचाई जाए।
मुख्य निर्देश
- सड़क, बिजली, पेयजल और संचार सेवाओं को शीघ्र बहाल करने पर प्राथमिकता दें
- चार धाम यात्रा मार्गों और प्रमुख सड़कों की लगातार निगरानी करें
- लोगों को IMD और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और उफनती नदियों-नालों से दूर रहें। किसी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
रुद्रप्रयाग अपडेट
रुद्रप्रयाग जिले में हल्की बारिश और कोहरा छाया रहा। अलकनंदा और मंदाकिनी समेत सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर सामान्य है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है।




