देश

दतिया में नरोत्तम मिश्रा को टिकट न दिए जाने से बवाल, पुलिस पर पथराव में SP समेत 6 जवान घायल

मध्य प्रदेश के दतिया में आगामी विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न दिए जाने के विरोध में शुक्रवार शाम से भारी बवाल शुरू हो गया। नाराज समर्थकों ने नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया और देर रात पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से ज्यादा पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, 3000 से अधिक उपद्रवियों ने बाजारों को जबरन बंद कराने के बाद हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। कलेक्टर और एसपी द्वारा बार-बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी नहीं माने। शनिवार तड़के करीब 4 बजे उन्होंने अचानक पुलिस पर भारी पथराव शुरू कर दिया।

हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। हमले में घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने अब सख्ती बरतते हुए भीड़ को खदेड़ दिया है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि चक्का जाम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल हाईवे पर यातायात बहाल करने की कोशिश की जा रही है और पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button