
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में शुक्रवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में दो बसें अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक कंटेनर से जोरदार टकरा गईं।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बसों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के समय बसों में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिसके कारण टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे बचाव टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।



