
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। नागरिक आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि यह विस्फोट वाडा तालुका के कोंसाई गांव में एक पुराने फार्महाउस के अंदर एक टिन की झोपड़ी में चल रही एक अस्थायी पटाखा निर्माण इकाई में हुआ। कदम ने कहा कि विस्फोट के समय लगभग 35 श्रमिक, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं, “ट्विन बम” (धागे से बंधे पटाखे) बनाने में लगे हुए थे।
वाडा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया, “विस्फोटक घटना उस समय हुई जब रसायनों को मिलाने की प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला 90 प्रतिशत तक झुलस गई। उन्होंने बताया कि बाद में अस्पताल में चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें वाडा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि उनमें से कुछ को बाद में बेहतर इलाज के लिए भिवंडी उप-जिला अस्पताल और एक अन्य चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया।



