
लंदन में दो भारतीयों की पान थूकने की आदत महंगी पड़ गई। ब्रेंट काउंसिल क्षेत्र में अक्षत कुमार पटेल को किंग्सबरी स्टेशन के बाहर और हितेश पटेल को नॉर्थ वेम्बली स्टेशन के पास पान थूकते पकड़ा गया। पहले दोनों पर 12 हजार रुपये का छोटा जुर्माना लगा, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर पैसे नहीं भरे। मामला कोर्ट पहुंचा, जहां जज ने सख्ती दिखाते हुए प्रत्येक पर 1 लाख 72 हजार रुपये का भारी जुर्माना थोप दिया।
ब्रेंट काउंसिल की कैबिनेट सदस्य कृपा सेठ ने कहा, “हमारी सड़कों को गंदा करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। हम जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हैं। गंदगी फैलाने की कीमत चुकानी ही पड़ेगी।” यह जुर्माना सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के प्रति काउंसिल की सख्त नीति का हिस्सा है।
सोशल मीडिया पर इस घटना की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इसे चेतावनी के तौर पर देख रहे हैं कि विदेशों में जाकर भी घरेलू आदतों को काबू में रखना जरूरी है। लंदन जैसे शहरों में पर्यावरण और साफ-सफाई के नियम बहुत सख्त हैं और उल्लंघन पर भारी जुर्माना लगता है।



