
कानपुर के गंगा बैराज के पास गर्ग एविएशन का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण विमान हादसे में गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कानपुर पुलिस आयुक्त ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों ने सुबह करीब 11:50 बजे गर्ग एविएशन सेंटर से उड़ान भरी थी। कुछ ही समय बाद यह हादसा हो गया।
विमान हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) को दे दी गई है। तकनीकी टीम दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।



