उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने अवैध प्रेम प्रसंग के चलते खुद के साथ-साथ अपने दो मासूम बच्चों की भी बलि चढ़ा दी। यह खौफनाक वारदात जिले के बानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टीकरा तिवारी गांव की है।
यहां मंगलवार की तड़के 32 वर्षीय पूजा नामक महिला ने अपने सात वर्षीय बेटे लक्ष्य और पांच वर्षीय बेटी पूर्वी के साथ मकान के पीछे बने गहरे कुएं में छलांग लगा दी। पानी में डूबने से तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि महिला का अपने ही रिश्ते के देवर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका पति द्वारा विरोध करने पर हुए विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटनाक्रम के अनुसार, टीकरा तिवारी गांव निवासी बालकिशन कुशवाहा और उसकी पत्नी पूजा के बीच सोमवार की रात इसी प्रेम प्रसंग की बात को लेकर भारी विवाद हुआ था। उस समय परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। पूजा अपने पति और दोनों छोटे बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि उसका सबसे बड़ा बेटा अपने दादा के पास सो रहा था।
रात करीब दो बजे जब बालकिशन की आंख खुली, तो उसने बिस्तर पर पत्नी और दोनों बच्चों को नदारद पाया। घबराए पति ने घर और आसपास उनकी तलाश शुरू की और परिजनों को भी जगाया। पूरी रात चली इस खोजबीन के दौरान मकान के पीछे खेतों में बने कुएं के पास पूजा और बच्चों की चप्पलें दिखाई दीं। जब टॉर्च की रोशनी से कुएं के अंदर देखा गया, तो पानी में हलचल और एक कपड़ा तैरता हुआ नजर आया, जिसके बाद तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही तड़के करीब चार बजे बानपुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत कर्मियों ने कुएं में लोहे का कांटा डालकर तलाश शुरू की, जिसमें कुछ ही देर बाद पूजा और उसके बेटे लक्ष्य के कपड़े फंस गए और दोनों के शवों को बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद कुएं का सारा पानी मोटर लगाकर खाली कराया गया, तब जाकर पांच वर्षीय मासूम पूर्वी का शव भी बरामद हो सका। एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव घर में रखे जाने से पूरे गांव में कोहराम मच गया और मातम का सन्नाटा पसर गया।
इस हृदयविदारक घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में देवर के साथ प्रेम प्रसंग और पारिवारिक कलह ही आत्महत्या का मुख्य कारण उभर कर सामने आया है। पति से इसी मुद्दे पर हुई कहासुनी के बाद महिला आवेश में आ गई और उसने इतना बड़ा खौफनाक कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा मामले के हर संभावित पहलू की गहराई से जांच की जा रही है ताकि विधिक कार्रवाई को मुकम्मल किया जा सके।



