Tokyo Olympics2020: मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी योगी सरकार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने टोक्यो ओ​लंपिक में पदक विजेता नीरज चोपड़ा, रवि दहिया, पीवी सिंधु, लवलीना बोरगोहेन, बजरंग पुनिया और पुरुष हॉकी टीम को सम्मानित किया। योगी सरकार ने टोक्यो ओ​लंपिक में भारत को गोल्ड दिलाने वाले नीरज चोपड़ा को 2 करोड़, रवि दहिया को 1.5 करोड़, पीवी सिंधु को एक करोड़, लवलीना बोरगोहेन को एक करोड़, बजरंग पुनिया को एक करोड़ और पुरुष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया। इसी के साथ ही दीपक पुनिया को 50 लाख और महिला हॉकी टीम की सभी खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया।

खिलाड़ियों को सम्मानित कर सीएम योगी ने कहा, टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले उत्तर प्रदेश के 10 खिलाड़ियों को 25-25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश के हर गांव में हम एक खेल मैदान बनाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार मेजर ध्यानचंद के नाम पर स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित करेगी। उत्तर प्रदेश सरकार दो खेलों को गोद लेगी और अगले 10 सालों तक उनका वित्त ​पोषण करेगी। इसमें से एक खेल कुश्ती है। उत्तर प्रदेश सरकार ने ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, विश्व कप या विश्व चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती प्रदान करने और पुलिस में डिप्टी एसपी का पद देने के लिए अपनी सहमति दी।

LIVE TV