
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। शुक्रवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। बांदा में 44.3 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री तापमान रहा।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 45 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। इनमें प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, शाहजहांपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या आदि शामिल हैं।
वार्म नाइट की चेतावनी
पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में रातें भी गर्म रहने की संभावना है, जिनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, बरेली आदि शामिल हैं।
लखनऊ का हाल
राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा।
राहत कब?
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 26 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 27 अप्रैल से बादल छाएंगे और 28-29 अप्रैल को हल्की बूंदाबांदी के साथ तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।
स्कूलों के लिए निर्देश
बेसिक शिक्षा विभाग ने गर्मी को देखते हुए परिषदीय स्कूलों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दोपहर में आउटडोर गतिविधियां बंद रखने, प्रार्थना छायादार जगह पर करने और फर्स्ट-एड किट में ORS, बुखार एवं उल्टी-दस्त की दवाएं रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से अपील है कि दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप से बचें, खूब पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें।



