
उत्तर प्रदेश इन दिनों प्रचंड गर्मी और भीषण लू की चपेट में है। मौसम विभाग (IMD) ने पूरे प्रदेश के 54 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।
10 जिलों — बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रवि दास नगर — में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में येलो अलर्ट है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 24 जिलों (सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बिजनौर, मुरादाबाद आदि) में तेज धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर न निकलें, खूब पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें। सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।




