
उत्तर प्रदेश में जानलेवा लू (Heatwave) का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए 10 जिलों में प्रचंड गर्मी और भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 23 अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है। कई इलाकों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ज्यादा रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा है। प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर में अनावश्यक घर से बाहर न निकलें और खूब पानी पिएं।



