उत्तर प्रदेशसीतापुर

सीतापुर में सनसनीखेज घटना: युवक के घर के बाहर छप्पर से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, छह महीने पहले ही हुई थी युवती की शादी

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के रेउसा थाना क्षेत्र स्थित अमलोरा गांव में शनिवार सुबह एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकते हुए पाए गए। दोनों के शव युवक के घर के बाहर बने छप्पर के नीचे अलग-अलग फंदों से झूलते मिले। सुबह-सुबह इस दर्दनाक मंजर को देखकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतकों की पहचान अमलोरा गांव के ही रहने वाले 22 वर्षीय दिलीप (पुत्र रामकुमार मिश्र) और 20 वर्षीय रुचि (पुत्री प्यारे लाल) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चलने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि दिलीप और रुचि के घर एक-दूसरे से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। करीब छह महीने पहले ही रुचि की शादी किसी अन्य जगह कर दी गई थी और वह हाल ही में करवाचौथ का त्योहार मनाने के लिए अपने मायके (अमलोरा गांव) आई हुई थी।

घटना की सूचना मिलते ही रेउसा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कराया और अहम साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

रेउसा थाना प्रभारी हनुमंत तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। दोनों ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया या इसके पीछे कोई और वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button