उत्तर प्रदेशफ़िरोज़ाबाद

फिरोजाबाद में सनसनीखेज मामला: बेटी के प्रेम संबंध से आहत पिता ने की आत्महत्या, परिजनों ने पुलिस पर लगाए आरोप

फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटी के प्रेम संबंध के कारण एक पिता द्वारा आत्महत्या करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लोक-लाज और बदनामी के डर से हुई इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसको देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिता ने अपनी बेटी को उसके प्रेमी के साथ घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। गुस्से और शर्मिंदगी में उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, लेकिन आरोप है कि मामले की गंभीरता को समझे बिना दोनों पक्षों को केवल समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया और कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों का कहना है कि थाने से लौटने के बाद प्रेमी पक्ष के लोग घर आए और धमकी दी कि वे लड़की को हर हाल में पाकर रहेंगे। इस धमकी और गांव में फैली बदनामी से पीड़ित पिता मानसिक तनाव में आ गए और देर रात उन्होंने आत्महत्या कर ली।

मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते सख्त कार्रवाई की गई होती तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि प्रेमी पक्ष के लोगों ने रात में घर में घुसकर हत्या की और शव को इस तरह लटका दिया।

पुलिस भारी बल के साथ गांव पहुंची। घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button