आखिर क्यों लोगों को लखनऊ जाने से मना कर रहे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को इटावा पहुंचे। सपा प्रमुख यहां अपने पैतृक गांव सैफई के पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में सपाईयों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं आपसे कह रहा हूं कोई लखनऊ मत जाना। अगर लखनऊ आप गए और मुख्यमंत्री जी को पता लग गया तो जरूरी नहीं कि उसी नाम से आप लखनऊ से वापस आओ।

यूपी के पूर्व सीएम ने कहा हमारे मुख्यमंत्री का रंग बदलने और नाम बदलने का नया फैशन है। उन्होंने विकास का कोई काम नहीं किया है। इसलिए किसी भी मोहल्ले किसी भी गांव का नाम बदला जा सकता है। अगर आप लोग गलती से लखनऊ चले गए और पता लग गया कि आप लोग इटावा से आए हो तो आपका नाम बदल दिया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा, सरकार ने गरीबों को धोखा दिया है। पहले सस्ता फ्री में सिलेंडर दिया और अब बताइए सिलेंडर के दाम आसमान पर पहुंचा दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी के लोगों को गांव-गांव जाकर माताओं बहनों से माफी मांगनी चाहिए कि जिस तरीके से उन्होंने सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल महंगा किया है।

LIVE TV