
छोटी दीवाली की रात उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में जश्न का माहौल उस वक्त मातम और चीख-पुकार में बदल गया, जब रामघाट रोड स्थित मीनाक्षी पुल पर एक बेकाबू कार ने जमकर तांडव मचाया। तेज रफ्तार और उल्टी दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही एक सफेद रंग की ब्रेजा कार ने एक के बाद एक तीन दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार एक महिला टक्कर लगने के बाद पुल से सीधे नीचे जा गिरी, जबकि उनकी बेटी ने ऐन मौके पर स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दर्दनाक घटना में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
यह खौफनाक हादसा उस वक्त हुआ जब कृष्णा टोला निवासी शालिनी अपनी बेटी उर्वशी के साथ त्योहार की खरीदारी करके घर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मीनाक्षी पुल पर सामने से अनियंत्रित होकर आ रही कार ने सबसे पहले एक बाइक और एक अन्य स्कूटी को टक्कर मारी, उसके बाद शालिनी की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि शालिनी उछलकर सीधे पुल के नीचे जा गिरीं, जबकि उनकी बेटी उर्वशी पुल की दूसरी तरफ जा गिरी। शालिनी का कूल्हा चार जगह से टूट गया है और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया है।
वहीं, बेटी उर्वशी के हाथ, पैर के अंगूठे, नाक, होंठ और पसलियों में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं। हादसे के तुरंत बाद पुल के नीचे मटका भंडार चलाने वाले केशव गुप्ता ने इंसानियत का परिचय देते हुए फौरन एक ई-रिक्शा की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में बाइक और स्कूटी सवार अन्य तीन युवक—ध्रुव, सूरज बृजेश और मनीष भी घायल हुए हैं, जिनका स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे का सबसे चौंकाने वाला पहलू कार और उसके चालकों से जुड़ा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और एसपी सिटी आदित्य बंसल के बयान के अनुसार, यह ब्रेजा कार एटा के रहने वाले एक रिटायर्ड दरोगा गुरेश बाबू के नाम पर पंजीकृत है और इसे उनका बेटा चला रहा था। कार के आगे और पीछे ‘पुलिस’ लिखा हुआ था और डैशबोर्ड पर दरोगा की टोपी भी रखी थी।
घायल उर्वशी ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि कार चला रहा शख्स वर्दी में था और पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था। कार के अंदर से बीयर की बोतलें और जूठा खाना भी बरामद हुआ है। हादसे को अंजाम देने के बाद कार में सवार चारों युवक, जिनमें एक नाबालिग भी बताया जा रहा है, मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। अफरा-तफरी के बीच उर्वशी का मोबाइल टूट गया और उनके पर्स में रखे हजारों रुपये भी गायब हो गए।
इस घटना ने दीवाली पर सुरक्षा व्यवस्था के बड़े-बड़े दावों की भी पोल खोल दी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और चश्मदीदों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन मदद पहुंचने में करीब 40 मिनट लग गए। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर पहुंचती तो नशे में धुत उन आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार किया जा सकता था।
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार को जब्त कर वीडियोग्राफी करा ली है और फरार आरोपियों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। शालिनी के पति और हिंदू युवा वाहिनी के महानगर उपाध्यक्ष नीरज वर्मा ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इस तरह के लापरवाह लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए।



