
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने सक्रियता बढ़ा दी है। देहरादून के कुआंवाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और चुनावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल है, लेकिन हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर हर समर्थक मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने अब तक की सबसे बड़ी जीत का लक्ष्य रखकर काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘जहां कम, वहां हम’ की रणनीति पर जोर देते हुए कमजोर बूथों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और मतदान जागरूकता फैलाने की अपील की।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर जोर दिया और कहा कि किसी पात्र का नाम न कटे और कोई अपात्र शामिल न हो।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन और ‘सेवा ही संगठन’ अभियान को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।




